
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। शहर के जाफरपुर, रैदोपुर और सिधारी विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में लो वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार ट्रिपिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य अभियन्ता (विद्युत) ने शुक्रवार देर रात औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिजली आपूर्ति व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जाफरपुर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात टीजी-2 कर्मचारी यशवंत कुमार द्वारा विद्युत सप्लाई सही ढंग से फीड न किए जाने की बात सामने आई। इस पर मुख्य अभियन्ता ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उधर, सिधारी विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में रात करीब 12 बजे एबीसी केबल क्षतिग्रस्त हो जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलते ही अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खंड आजमगढ़ राजकुमार सिंह और उपखंड अधिकारी सिधारी मनोज श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारी देर रात करीब दो बजे तक मौके पर मौजूद रहे। कर्मचारियों की मदद से क्षतिग्रस्त एबीसी केबल को ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई। अधिकारियों की तत्परता से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली।
