
आगरा। अस्पताल में काम करने वाली युवती से सिपाही ने प्रेम कर लिया। स्वजन के सामने प्रयागराज ले जाकर आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। घर ले जाने पर ससुरालीजन पत्नी को दहेज के लिए ताने देने लगे। सिपाही पत्नी को साथ लेकर कौशांबी रहने लगा।
बेटी होने के बाद उसे अकेला छोड़ कर चला गया। बाद में पीड़िता को पति के दूसरी शादी करने की जानकारी हुई। कौशांबी पुलिस लाइन में शिकायत करने पर सिपाही ने आधी तनख्वाह देने का लिखित समझौता किया। खर्च न देने पर पीड़िता ने ट्रांसयमुना थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।
कौशांबी में समझौता कर दिया था खर्च देने का लिखित आश्वासन
टेढ़ी बगिया की युवती ने सिपाही पति यशपाल पर मुकदमा दर्ज कराया है। युवती ने पुलिस को बताया है कि सुल्तानगंज पुलिया पर अस्पताल में मंसुखपुरा के गांव करकौली के सिपाही यशपाल से मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान प्रेम संबंध हो गए। 10 फरवरी 2021 को स्वजन की मौजूदगी में प्रयागराज में आर्यसमाज मंदिर में शादी कर ली। ससुराल में दो माह रहने के बाद यशपाल उन्हें छोड़कर नौकरी करने कौशांबी चला गया।
ससुराल में 10 लाख रुपये की डिमांड करने लगे
ससुराल में प्रेम विवाह करने पर दहेज न मिलने के ताने दिए जाने लगे। दहेज में 10 लाख रुपयों की मांग कर प्रताड़ित किया जाने लगा।शिकायत करने पर यशपाल उन्हें कौशांबी ले गया। किराए के मकान में दोनों साथ रहने लगे। 17 फरवरी 2022 को बेटी पैदा हुई। इसके बाद यशपाल भी मारपीट कर दहेज की मांग करने लगा। 24 सितंबर 2024 को झगड़ा कर घर चला गया।
किराए के कमरे में छोड़ कर दूसरी पत्नी के साथ रह रहा आरोपित
तीन दिन तक नहीं लौटने पर वह पुलिस के पास पहुंची। उसके साथ काम करने वाले अन्य पुलिसकर्मियों ने यशपाल के अपनी पत्नी के साथ घूमने जाने के लिए पांच दिन की छुट्टी लेने की जानकारी हुई। फोन करने पर यशपाल ने परिवार के दबाव में 31 दिसंबर 2023 को दूसरी शादी कर लेने की जानकारी दी।