रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़।  जिले के देंवगांव कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया जब दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को उसके घर के बाहर बुलाकर गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, देंवगांव कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी (टिकरी) गांव निवासी शफीक अहमद (25) पुत्र जैनुद्दीन बुधवार की शाम अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक बाइक से आए और उसे बाहर बुलाया। बाहर आते ही बदमाशों ने नजदीक से उसके बाएं कंधे पर गोली चला दी। गोली लगते ही शफीक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को संयुक्त सौ शैय्या अस्पताल लालगंज में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी तथा थानाध्यक्ष लालगंज मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।