रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। लायंस क्लब इंटरनेशनल आजमगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को केंद्रीय होम्योपैथी परिषद के पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. भक्तवत्सल के नेतृत्व में सर्किट हाउस पहुंचकर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री बबीता चौहान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा जिले के प्रमुख ओडीओपी उत्पादों के विकास समेत विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में सर्किट हाउस परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दोहराया गया। वहीं मुलाकात के दौरान लायंस क्लब के अध्यक्ष ओम अग्रवाल ने बबीता चौहान को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं लायन अशोक कुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष रवि जायसवाल और सचिव सुनील अग्रवाल ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने अपने सेवा कार्यों और भविष्य की योजनाओं से उन्हें अवगत कराया। बैठक में एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत चयनित निजामाबाद की प्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी और मुबारकपुर के साड़ी उद्योग पर भी विशेष चर्चा हुई। डॉ. भक्तवत्सल ने कहा कि इन दोनों उद्योगों ने आजमगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इन उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सराहनीय प्रयास किए गए हैं, लेकिन इनके व्यापक विकास और वैश्विक विस्तार के लिए और अधिक प्रोत्साहन की आवश्यकता है। वहीं डॉ. भक्तवत्सल ने लायंस क्लब के सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि बारिश का मौसम शुरू होने के बाद जिले भर में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव और उपचार के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। क्लब अध्यक्ष ओम अग्रवाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य स्वस्थ, स्वच्छ और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देना है। इसी लक्ष्य को लेकर पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अधिक से अधिक पौधे लगाकर जिले को हरित बनाने का प्रयास किया जाएगा। लायन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय हालात के बीच पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने लायंस क्लब द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक संगठन समाज के विकास और जागरूकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संगठन भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के क्षेत्र में इसी तरह सक्रिय रहेगा। कार्यक्रम के अंत में बबीता चौहान, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, डॉ. भक्तवत्सल, ओम अग्रवाल, रवि जायसवाल, सुनील अग्रवाल, शशिभूषण अग्रवाल, विजय श्रीवास्तव, रजनीश सिंह तथा डॉ. अनुतोष वत्सल सहित अन्य लोगों ने सर्किट हाउस परिसर में पौधारोपण किया।