लखनऊ। प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट मतों की गणना लगातार जारी है। भाजपा ने निर्णायक बढ़त बना ली है। इस बीच फैजाबाद से सपा के सांसद और मिल्कीपुर विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार अजीत प्रसाद के पिता अवधेश प्रसाद का अजीबोगरीब दावा सामने आया है। वह एक वीडियो में सपा उम्मीदवार की जीत की घोषणा करते हुए नजर आए हैं। वहीं, 21 वें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा के चंद्रभानु पासवान, सपा के अजीत प्रसाद से 52 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। 5 फरवरी को हुए उपचुनाव के नतीजे आज यानी आठ फरवरी 2025 की दोपहर तक सामने आ जाएंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से मतों की गणना जारी है। इस सीट के नतीजों पर प्रदेश ही नहीं सूबे के बाहर भी राजनीति में दिलचस्पी रखने वालों की नजरें टिकी हैं।

यह सीट, 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में फैजाबाद लोकसभा सीट से जीतकर सपा से सांसद बनने के बाद अवधेश प्रसाद द्वारा मिल्कीपुर सीट से इस्तीफा देने के कारण खाली हुई थी। करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ है। क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों के गणित और राजनीतिक दलों की रणनीति के चलते यह उपचुनाव चुनाव काफी रोचक और इसीलिए इसके नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हैं।

मिल्कीपुर में निर्णायक बढ़त पर भाजपा में जश्न

मिल्कीपुर सीट को लेकर निर्णायक बढ़त पर अयोध्या के भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल है। पार्टी प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान की संभावित जीत पर नेताओं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देनी शुरू कर दी है। भाजपा कार्यालय पर ढोल नगाड़े के बीच कार्यकर्ताओं ने जमकर रंग, अबीर-गुलाल उड़ाए।

मिल्कीपुर में 21 वें राउंड के बाद भाजपा 52 हजार वोटों से आगे

मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में 21 राउंड तक की मतगणना हो चुकी है। 21 राउंड की मतगणना के बाद भाजपा 52 हजार वोटों से आगे है।