अयोध्या।  मिल्कीपुर विधानसभा सीट मतों की गणना लगातार जारी है। भाजपा ने नौवें चरण की मतगणना पूरी होने तक बंपर बढ़त बना ली है। भाजपा के चंद्रभानु पासवान, सपा के अजीत प्रसाद से 25378 वोटों से आगे चल रहे हैं। 5 फरवरी को हुए उपचुनाव के नतीजे आज यानी आठ फरवरी 2025 को सामने आ जाएंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से मतों की गणना जारी है। इस सीट के नतीजों पर प्रदेश ही नहीं सूबे के बाहर भी राजनीति में दिलचस्पी रखने वालों की नजरें टिकी हैं। सबसे पहले बैलेट पेपर के वोट गिने गए। इस उपचुनाव में भाजपा के चंद्रभानु पासवान और समाजवादी पार्टी के अजीत प्रसाद के बीच सीधी टक्कर बताई जा रही है। 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में फैजाबाद लोकसभा सीट से जीतकर सपा से सांसद बनने के बाद अवधेश प्रसाद द्वारा मिल्कीपुर सीट से इस्तीफा देने के कारण खाली हुई सीट पर उपचुनाव के लिए 5 फरवरी को मतदान हुआ था। करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ है। क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों के गणित और राजनीतिक दलों की रणनीति के चलते यह उपचुनाव चुनाव काफी रोचक और इसीलिए इसके नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हैं।

दिनेश शर्मा बोले- मिल्कीपुर में सपा का अहंकार टूटा

मिल्कीपुर में मतगणना जारी है। इस बीच भाजपा नेता दिनेश शर्मा ने कहा, “मिल्कीपुर का सकारात्मक परिणाम इस बात का प्रतीक है कि समाजवादी पार्टी का लोकसभा का अहंकार बुरी तरह टूट रहा है। उस समय अफवाहों के कारण कई इलाके प्रभावित हुए थे लेकिन अब मिल्कीपुर ने वास्तविकता में भाजपा के काम को स्वीकार किया है। समाजवादी पार्टी को अपनी हार स्वीकार कर लेनी चाहिए। दिल्ली में भी उनका (विपक्ष का) अहंकार टूट रहा है। भाजपा की सरकार बनने पर यमुना जी साफ होंगी।”

10 वें राउंड के बाद बीजेपी को 53193 वोट

मिल्कीपुर में 10 वें राउंड की मतगणना बाद भाजपा को 53193 वोट, सपा को 24588 वोट और आजाद समाज पार्टी को 167 वोट मिले हैं। अब तक 81727 वोटों की गिनती हुई है।