
रिपोर्ट__अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन कफ सिरप प्रकरण में आरोपी की लगभग 50.9 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त कर ली है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण में की गई। दीदारगंज थाना क्षेत्र में पंजीकृत मुकदमे की विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी विकास सिंह उर्फ “नरवे” ने अपराध से अर्जित धन से अपने गांव में मकान बनवाया, जिसकी अनुमानित लागत करीब 27.25 लाख रुपये है। इसके अलावा उसने लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित शालीमार वन वर्ल्ड परियोजना में एक फ्लैट बुक कराया, जिसमें लगभग 23.64 लाख रुपये अग्रिम जमा किए गए थे। जांच में पुष्टि होने के बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की गई। ई-कोर्ट पोर्टल के माध्यम से प्रस्तुत याचिका पर सुनवाई के बाद सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने संपत्तियों के जब्तीकरण का आदेश जारी किया। जब्त संपत्तियों में पैतृक गांव स्थित मकान और लखनऊ में फ्लैट की बुकिंग धनराशि शामिल है, जिसे कंपनी खाते में फ्रीज कर दिया गया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी जौनपुर और वाराणसी समेत विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। साइबर क्राइम पुलिस टीम की सटीक विवेचना से अवैध कमाई का पूरा नेटवर्क उजागर हुआ है। बताया कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे अपराधियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
