लखनऊ। वृंदावन योजना स्थित एल्डिको सौभाग्यम में रहने वाली प्रियंका शर्मा (32) की थाईलैंड के एक होटल में रहस्यमय हालात में मौत हो गई। प्रियंका के डॉक्टर पति आशीष श्रीवास्तव उन्हें और बेटे प्रियांश (03) को लेकर चार जनवरी को घुमने थाईलैंड के पटाया शहर गए थे। प्रियंका के पिता सत्यनारायण शर्मा ने दामाद पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पीजीआई थाने में उरई मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉ. आशीष के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।

सेक्टर 16 बी वृंदावन योजना में रहने वाले सत्यनारायण शर्मा के मुताबिक शादी के बाद से आशीष उनकी बेटी को परेशान करता था। आरोपी के अन्य औरत से नाजायज संबंध हो गए थे। इसकी जानकारी होने पर प्रियंका विरोध करती थी। खुद में सुधार करने के बजाय आरोपी उनकी बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। तंग आकर प्रियंका ने पूर्व में आशीष श्रीवास्तव के खिलाफ पुलिस से शिकायत भी की थी। बेटी की मौत की जानकारी होने पर पिता ने राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा से मदद की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने केस दर्ज कर छानबीन के निर्देश दिए।

दोनों ने किया था प्रेम विवाह

प्रियंका पटना एम्स में एकाउंट का काम देखती थीं। वहीं पर आशीष सीनियर रेजीडेंट था। पटना एक्स में उनकी मुलाकात हुई थी। वर्ष 2017 में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद आशीष की तैनाती उरई मेंडिकल कॉलेज में हो गई थी। चार फरवरी 2021 को प्रियंका ने बेटे को जन्म दिया। सत्यनारायण का आरोप है कि वर्ष 2021 में ही आशीष का किसी दूसरी महिला से अफेयर हो गया था। प्रियंका के विरोध करने पर आरोपी अक्सर उनकी पिटाई भी करता था।