रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।  जिले के थाना देवगांव पुलिस ने गुमशुदा युवक ईदू पुत्र इरफान की हत्या का खुलासा करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने चाकू से हत्या करने के बाद शव को तालाब में फेंक दिया था।

मृतक के भाई रफ्फू की तहरीर पर पता चला कि ईदू सोमवार से लापता था। बुधवार को सूचना मिली कि उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने उमाशंकर पुत्र शिवानन्द और विपिन पुत्र उमाशंकर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।

प्र0नि0 विमल प्रकाश राय द्वारा विवेचना के दौरान आरोपी उमाशंकर से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि रात करीब 1:30 बजे उसने अपने पुत्र विपिन के साथ मिलकर ईदू  को पकड़कर चाकू से हत्या की और शव को मोटरसाइकिल पर ले जाकर गांव के पास पोखरे में फेंक दिया।

अभियुक्त की निशानदेही पर गोताखोर की मदद से शव बरामद किया गया, जिसे परिजनों ने ईदू के रूप में पहचान लिया। उमाशंकर को बुधवार को हिरासत में लिया गया, जबकि मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को विपिन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। मामले में अन्य अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।