
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़ के विद्युत विभाग में तैनात एक उपखंड अधिकारी (एसडीओ) के खिलाफ बिजली बिल में कथित हेराफेरी और आईजीआरएस पोर्टल पर भ्रामक रिपोर्ट लगाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड-चतुर्थ, फूलपुर की तहरीर पर थाना अहरौला में की गई।
वहीं तहरीर के अनुसार विद्युत वितरण उपखंड-माहुल में तैनात एसडीओ महेश कुमार गुप्ता ने ग्राम पकड़ी, पोस्ट अहरौला निवासी उपभोक्ता सच्चिदानंद गुप्ता के बिजली बिल में बिना किसी वैध आधार के संशोधन कर दिया। आरोप है कि इस बदलाव से उपभोक्ता पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ा और उसे मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि उपभोक्ता द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद एसडीओ ने तथ्यों को छिपाते हुए भ्रामक और असत्य आख्या प्रस्तुत की। अधिशासी अभियंता एचके प्रजापति ने थाना माहुल में तहरीर देकर एसडीओ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। थाना प्रभारी मंतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
