बलिया। पुलिस ने बच्चों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के चंगुल से दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त भी कराया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों लड़कियां बलिया के मनियर से लगभग एक महीना पहले गायब हुई थीं। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार को बताया कि बीते 24 दिसंबर को 17 वर्षीय लड़की इंटर की प्रायोगिक परीक्षा देने के लिए घर से स्कूल के लिए निकली थी लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटी।

लड़की की मां की तहरीर पर पुलिस ने 29 दिसंबर को एफआइआर दर्ज कर ली। इसके कुछ ही दिनों बाद 13 जनवरी, 2025 को 16 साल की दसवीं की एक छात्रा स्कूल जाने के लिए निकली लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने जांच शुरू की और सुराग के आधार पर कई जगहों पर छापेमारी की कार्रवाई भी की।

इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के पाली जिले के अशोक कुमार कुमावत, किशन भाटी के साथ मनियर के गौरा बगही (गंगापुर) के मोहन यादव और 17 साल के एक आरोपित को गिरफ्तार किया। दोनों लड़कियों को आरोपितों के चंगुल से मुक्त करा लिया गया है।

पूछताछ में आरोपितों ने कई राज्यों में फैले अपने गिरोह के बारे में जानकारी दी। आरोपित ऐसी लड़कियों को अपने जाल में फंसाते थे जो किसी बात को लेकर अपने घरवालों से नाराज होती थीं। इसके बाद उन्हें दूसरे राज्यों में शादी या घरेलू कार्यों के लिए बेच देते थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से 35,000 रुपये भी बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश के लिए जांच जारी है।