
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि आग गोदाम के अंदर तक नहीं पहुंच सकी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। मिली जानकारी के अनुसार बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भगतपुर निवासी मेराज अहमद पुत्र मुमताज की भीमबर बाजार रोड पर शमा टेंट हाउस नाम से दुकान और गोदाम है। मेराज अहमद ने बताया कि शनिवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। करीब आधे घंटे बाद पड़ोसियों का फोन आया कि उनके गोदाम से धुआं और आग की लपटें निकल रही हैं।
वहीं सूचना मिलते ही मेराज अहमद तत्काल मौके पर पहुंचे। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और स्थानीय स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। लेकिन गोदाम में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर बिलरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझाने के दौरान आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा रही।
आग की चपेट में आने से गोदाम के अहाते में रखा लगभग 150 मैट, टेंट के पर्दे, सीलिंग का सामान और प्लाई की शटरिंग पूरी तरह जलकर राख हो गई। पीड़ित के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि गोदाम के पीछे लगा लोहे का दरवाजा आग को अंदर जाने से रोकने में मददगार साबित हुआ, जिससे अंदर रखा अन्य महंगा सामान सुरक्षित बच गया।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
