रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा बाजार में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में मृत अधेड़ का शव रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्रिस्तान से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस कार्रवाई के दौरान गांव में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासन की टीम की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

जानकारी के अनुसार फरिहा बाजार में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे एक तेज रफ्तार बिना नंबर प्लेट की थार वाहन ने मोटरसाइकिल सवार शमशाद उर्फ गुड्डू (50) पुत्र फरियाद निवासी फरिहा को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। परिजन उन्हें इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृत्यु के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत और समझौता हो गया। इसके बाद परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अपने रीति-रिवाज के अनुसार शमशाद उर्फ गुड्डू के शव को गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया था।

बताया जा रहा है कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। डीएम के निर्देश पर रविवार दोपहर करीब एक बजे निजामाबाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ कब्रिस्तान पहुंचकर शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया। पूरी कार्रवाई मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराई गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस आजमगढ़ भेज दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटना में मौत होने के कारण पोस्टमार्टम कराना आवश्यक था, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। 

वहीं इस संबंध में निजामाबाद नायब तहसीलदार ने बताया कि परिजनों की सहमति से शव को कब्रिस्तान से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना में शामिल थार वाहन की तलाश की जा रही है।