
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के बड़ागांव गांव में सोमवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गरीब परिवार की रोजी-रोटी का सहारा बने बकरी के बच्चे को अज्ञात जंगली जानवर उठा ले गया। घटना से परिवार में दहशत और मायूसी का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार बड़ागांव निवासी मिठाई लाल गौड़ पुत्र बरसाती गौड़ अपने घर के पास बनी मड़ई में बकरियां बांधकर रखते हैं। रोज की तरह रविवार रात भी उन्होंने बकरी और उसके बच्चे को मड़ई में बांधा था। सोमवार सुबह करीब सात बजे जब वह वहां पहुंचे तो बकरी का बच्चा गायब मिला। मौके पर काफी मात्रा में खून बिखरा पड़ा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी जंगली जानवर ने बकरी के बच्चे पर हमला कर उसे उठा ले गया।
वहीं इस पूरे घटना देखकर मिठाई लाल गौड़ और उनके परिवार के होश उड़ गए। आसपास के लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। ग्रामीणों के मुताबिक रात के समय गांव के आसपास अक्सर जंगली जानवरों की आहट सुनाई देती है। कुछ लोगों का कहना है कि यह हमला सियार या किसी अन्य हिंसक जानवर द्वारा किया गया हो सकता है। हालांकि अभी तक किसी जानवर की पुष्टि नहीं हो सकी है।
पीड़ित मिठाई लाल गौड़ ने बताया कि वह बर्फ बेचने और बकरी पालन करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बकरी का बच्चा उनके लिए आय का महत्वपूर्ण साधन था। अचानक हुए इस नुकसान से वह काफी आहत और परेशान हैं। उन्होंने बताया कि गरीब परिवार के लिए यह नुकसान किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में जंगली जानवरों की गतिविधियों की जांच कराई जाए और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। वहीं ग्रामीण अब रात के समय अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क नजर आ रहे हैं।
