
रिपोर्ट:अरुण यादव
आजमगढ़: होली के हुड़दंग में जनपद के आधा दर्जन स्थानों जमकर मारपीट हुई। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमाड़ी गांव में शुक्रवार की रात डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद में चाकू के हमले से युवक घायल हो गया। इसके साथ ही अन्य स्थानों पर हुई मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों का मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अबाड़ी कुटिया गांव में होली के पर्व पर शुक्रवार को गांव के मंदिर पर युवक डीजे पर डांस कर रहे थे। इस दौरान 24 वर्षीय पन्ना लाल चौहान से विवाद हो गया। दूसरे पक्ष के लोगों ने चाकू से पन्ना लाल पर हमला कर दिया। गर्दन, पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी होने पर परिजन घायल को लेकर मुबारकपुर सीएचसी पर पहुंचे। डॉक्टर ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के नूरा गांव में होली के दिन दोपहर में पट्टीदारो में विवाद हो गया। 16 वर्षीय पुष्पा के पिता मूलचंद को लोग मारने पीटने लगे। बीच बचाव में आई पुष्पा को भी मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों का उपचार चल रहा है। तरवां थाना क्षेत्र क खजुरा गांव में शुक्रवार की शाम दो पक्ष में विवाद हो गया। 70 वर्षीय रामू राजभर घर के सामने बैठे थे, एक पक्ष ने लाठी डंडा से हमला कर घायल कर दिया। अतरौलिया थाना क्षेत्र के कबीरूद्दीनपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर में गांव के कुछ लोग शराब के नशे में गाली गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर 25 वर्षीय विकास को मारने पीटने लगे। बचाव में आए बड़े भाई 31 वर्षीय सत्य कुमार को मारपीट कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल सत्य कुमार को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।