
रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गहजी गांव में रविवार रात एक शादी समारोह में उस समय हंगामा मच गया, जब मंडप में पहुंचे दूल्हे को कन्या पक्ष ने दिव्यांग बताकर शादी से इन्कार कर दिया। बरात फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कजराकोल गांव से दीपचंद यादव के परिवार की ओर से रामजीत यादव के घर आई थी।
कन्या पक्ष का आरोप है कि शादी तय करते समय उन्हें दूसरा लड़का दिखाया गया, लेकिन मंडप में पहुंचा दूल्हा दिव्यांग निकला। रविवार को बरात का स्वागत और द्वार पूजा के बाद मंडप में शादी की रस्म शुरू हुई। जब पुरोहित ने फूल-अक्षत लेने को कहा, तो दूल्हे का हाथ नहीं उठा। शंका होने पर कन्या पक्ष ने जांच की और दूल्हे को दिव्यांग पाया। इसके बाद शादी रोक दी गई। कन्या पक्ष ने वर पक्ष पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शादी से इन्कार कर दिया और नुकसान की भरपाई के लिए 3 लाख रुपये की मांग की।
रात भर चली पंचायत बेनतीजा रही। सोमवार सुबह अहरौला पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश मिश्रा और सिपाही राजेश बागी ने दोनों पक्षों से बातचीत की। लंबी चर्चा के बाद मामला 2.17 लाख रुपये में सुलझा। वर पक्ष ने कन्या पक्ष को यह राशि दी और दिए गए जेवर वापस ले लिए। लिखित समझौते के बाद वर पक्ष को सकुशल घर भेजा गया। उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए दोनों पक्षों की सहमति से मामला सुलझाया।