
रिपोर्ट___आशीष निषाद
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया स्थानीय क्षेत्र के लोहरा स्थित कीर्तिमान इंडेन गैस सर्विस पर केवाईसी के नाम पर उपभोक्ताओं से ₹500 वसूले जाने की ऑनलाइन शिकायत की जांच करने पहुंची पूर्ति विभाग की टीम को कोई गड़बड़ी नहीं मिली। जांच के दौरान उपभोक्ताओं से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए, जिसमें किसी ने भी पैसे मांगने की पुष्टि नहीं की। बताया जा रहा है कि अंबेडकर नगर जनपद के अल्लाउद्दीनपुर निवासी पंकज कुमार ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि गैस एजेंसी द्वारा केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। शिकायत के आधार पर प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। उनके साथ पूर्ति निरीक्षक बुढनपुर के के मिश्रा और इंडियन ऑयल के सेल्स मैनेजर राहुल प्रजापति भी मौजूद रहे। जांच टीम ने कंचन (नरियाव), महेंद्र (नंदना), शशिकला (लोहरा), धर्मेंद्र पांडे (चकबेलवा) और प्रेमशिला (संत कबीर नगर) सहित कई उपभोक्ताओं से पूछताछ की। सभी उपभोक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि उनसे किसी प्रकार का कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया गया है। प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सके। जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता के पिता के नाम पर गैस कनेक्शन है, जिसमें 8 अगस्त 2024 को अंतिम डिलीवरी हुई थी और उसी समय केवाईसी प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी। इसके बाद से कोई रिफिल नहीं कराई गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवाईसी के नाम पर पैसे मांगने का आरोप निराधार पाया गया है और एजेंसी के खिलाफ कोई अनियमितता नहीं मिली। हालांकि, उन्होंने एजेंसी संचालक को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार बनाए रखें, डीएसी कोड मिलने के बाद ही गैस रिफिल करें और अधिक से अधिक होम डिलीवरी सुनिश्चित करें, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। इस दौरान पूर्ति निरीक्षक के के मिश्रा, सेल्स मैनेजर राहुल प्रजापति, कीर्ति प्रकाश मिश्रा, मुन्नीलाल गुप्ता और प्रवीण सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
