आजमगढ़।  जिले के फूलपुर तहसील क्षेत्र के खानजहापुर ,डिघिया ,सूदनीपुर और उदपुर गांव में मंगलवार को अगलगी की घटनाओं से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इन घटनाओं में घरेलू समानों के साथ ही कई पशु भी जल गए हैं। वही  गेंहू की खड़ी फसल में आग लगने से गेंहू की फसल जलकर राख हो गई है। 
डिघिया गांव में इसरार पुत्र इसहाक की छत पर छप्पर डाल कर कुछ घरेलू सामान सहित दो बकरियां बंधी थी। सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गयी। जिसके चलते घरेलू सामान सहित दो बकरियां जलकर मर गयी। बकरी और घरेलु समान सहित लगभग 60 हजार का नुकसान बताया जा रहा है । 
वहीं खानजहापुर गांव की दलित बस्ती में अज्ञात कारणों से  आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने 5 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। दोपहर बाद लगभग डेढ़ बजे पारस पुत्र महंगू के घर मे आग लगी। एक बकरा जलकर मर गया। जबकि 4 बकरियां आंशिक रूप से जल गई। इस दौरान पूरी मंडई के साथ ही उसमें रखा चारपाई और कपड़े जल गए। कुल लगभग 20 हजार का नुकसान हुआ है। सरजू पुत्र लालमन का छप्पर जल गया। लगभग 5 हजार का नुकसान हुआ है। रुक्मिना पत्नी स्वर्गीय विक्रम का करकट जलने से 6 हजार का नुकसान हुआ है। शोभनाथ पुत्र सितई पशुओं की  मंडई जल गई। मंडई में रखा 2 कुंतल भूसा के साथ ही भैस भी जल गई। लगभग 15 हजार का नुकसान हुआ है। लालचन्द पुत्र राम बुझारत की मंडई में आग लगने से चारपाई कपड़े और 3 रजाई जलने से लगभग 7 हजार का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार पहले पारस के घर मे आग लगी थी। ग्रामीणों व फायरबिग्रेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया गया। मौके पर लेखपाल सुखबीर सिंह और ग्राम प्रधान सूबेदार यादव लोगों की मदद में लगे रहे।  ग्राम प्रधान सूबेदार यादव ने कहा अपने स्तर से और शासन प्रशासन से जो भी होगा मदद दिलाने का काम करूंगा । वही सूदनीपुर गांव में  किसान मोहम्मद अंजर के गेंहू की पकी फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गया ,जिससे ढाई बीघा गेंहू फसल जलकर राख हो गया । वही मंगलवार शाम 5 बजे उदपुर गांव में विद्युत शार्टसर्किट से विधवा चनौता देवी के गेंहू की फसल मे आग लग गयी , जिससे  14 विस्वा गेंहू की पकी फसल जलकर राख हो गयी ।