
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस ने चार दिवसीय विशेष सत्यापन अभियान चलाकर 500 कुख्यात अपराधियों के यहां एक साथ दबिश दी। अभियान के दौरान अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन, आजीविका और सामाजिक व्यवहार की गहन जांच की गई तथा उनके डोजियर अपडेट किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के मार्गदर्शन में सोमवार से गुरुवार तक सर्किल नगर क्षेत्र में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। पुलिस के अनुसार लूट, डकैती, जानलेवा हमले, तस्करी, परीक्षा में नकल कराने तथा अन्य गंभीर अपराधों में शामिल रहे 500 चिन्हित अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया गया। अभियान के लिए प्रतिदिन 50 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिनमें प्रत्येक टीम में एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षी शामिल थे।
सभी टीमों को विस्तृत ब्रीफिंग के बाद एक साथ रवाना किया गया और चिन्हित अपराधियों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। इस दौरान यह भी परखा गया कि पूर्व में अपराधों में संलिप्त रहे लोग वर्तमान में सामान्य जीवन जी रहे हैं या फिर दोबारा आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। पुलिस ने बताया कि सत्यापन के आधार पर आवश्यकतानुसार संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान अपराधियों के डोजियर भी तैयार और अद्यतन किए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।
