रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच खेल के दौरान हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने एक किशोर की बेरहमी से पिटाई कर दी और धारदार हथियार से उसके गुप्तांग को काटने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज निवासी रिंकू सोनी का पुत्र आयुष सोनी चार जून की शाम करीब 6:20 बजे अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मंसूर, बादशाह और करीम ने आयुष को घेर लिया और लात-घूंसों तथा लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान आयुष बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला किया। इस हमले में किशोर के गुप्तांग सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। घायल किशोर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले में पीड़ित पिता रिंकू सोनी की तहरीर पर पुलिस ने मंसूर तथा उसके दोनों बेटों बादशाह और करीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।