रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के आजमगढ़-गोरखपुर राजकीय मार्ग पर महुला पुलिस चौकी के सामने सोमवार की दोपहर दो बजे मुजार सुरैना गांव के ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। इसे लेकर पुलिस ने 21 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुजार सुरैना गांव में सरकारी जमीन को लेकर ग्राम प्रधान धनंजय सिंह पटेल और झारखंडे राम प्रबंधक के बीच विवाद हो गया। महुला पुलिस चौकी प्रभारी विवेक सिंह टीम के साथ पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। ग्राम प्रधान को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रौनापार थाने ले जाया गया। इससे नाराज ग्रामीणों, जिसमें महिलाएं और पुरुषों ने महुला पुलिस चौकी के सामने राजकीय मार्ग जाम कर दिया।

सूचना पर थाना अध्यक्ष जीयनपुर जितेंद्र सिंह, लाटघाट चौकी प्रभारी जाफर खान, थाना अध्यक्ष रौनापार अनुपम जायसवाल, तहसीलदार सगड़ी विवेकानंद दुबे, और नायब तहसीलदार नीरज कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे।
आधे घंटे तक चले जाम को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर समाप्त करा दिया। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि रौनापार थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। ग्रामीणों ने सोमवार को आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग को जाम कर दिया।

इससे आम जनता को परेशानी होती है। इस मामले में 21 लोगोंं के खिलाफ नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। सभी की पहचान वीडियो फुटेज से की जा रही है।