रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म की शिकार एक 24 वर्षीय युवती ने गुरुवार सुबह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर मृत शिशु को जन्म दिया। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि मुकदमा दर्ज होने के 15 दिन बाद भी पुलिस नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। मिली जानकारी के अनुसार, सरायमीर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के पिता ने करीब 15 दिन पहले गांव के ही एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई। गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर युवती को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसने एक मृत शिशु को जन्म दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं इस पूरे मामले पर पीड़िता के पिता का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश में कार्रवाई जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।