
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि आरोपी पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के खतीरपुर गांव निवासी 28 वर्षीय सनी विश्वकर्मा पुत्र हरिहर विश्वकर्मा अपनी ससुराल भादी, शाहगंज (जौनपुर) से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर मकसूदिया गांव के पास मोड़ पर आजमगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि सनी विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की मौत की खबर मिलते ही पत्नी पूजा विश्वकर्मा बेसुध हो गईं। बताया जा रहा है कि सनी छह माह के मासूम बेटे के पिता थे। उनके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।
