रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के  देवगांव कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर देवगांव त्रिमुहानी के समीप बृहस्पतिवार को एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, जौनपुर जनपद के केराकत थाना क्षेत्र के बढ़नपुर गांव निवासी विमला देवी (55) अपने पुत्र अरुण के साथ देवगांव के घोड़सहना गांव में लड़की देखकर शादी के लिए लौट रहे थे, तभी त्रिमुहानी के समीप अरुण की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। उसी समय पीछे से तेज गति से आ रही पिकअप वाहन ने विमला देवी को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। उपनिरीक्षक लालबहादुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई की। घायल युवक अरुण को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि महिला की मौत हो चुकी है और युवक का उपचार कराया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है।