रिपोर्ट___हरिवंश मिश्रा

आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद बाजार में बृहस्पतिवार की रात खाना लेने की बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। सुबह जब घर के बाहर लोगों ने महिला का शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। वहीं, पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी पति तन्मय विश्वास के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई। साथ ही पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। महराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद कीता प्रथम गांव निवासी रामलवट यादव की पुत्री बंदना (35) की शादी आठ वर्ष पूर्व रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद बाजार निवासी तन्मय विश्वास के साथ हुई थी। तन्मय विश्वास मूल रूप से बंगाल प्रांत का रहने वाला है। तन्मय यहीं से डिस्पेंसरी भी चलाता है। बंदना अपनी छह वर्षी बेटी तमन्ना के साथ घर में रहती थी। बंदना के भाई अजय यादव ने बताया कि उसके जीजा तन्मय शराब पीकर आएदिन उसकी बहन से मारपीट करता था। बृहस्पतिवार की रात भी उसकी बहन के साथ तन्मय ने मारपीट की और उसे जान से मार दिया। थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि जांच में सामने आया है कि पति शराब पीकर आएदिन विवाद करता था। बृहस्पवितार की रात करीब 11 बजे वह घर आया और पत्नी से खाना मांगा तो पत्नी बंदना ने बोला जाकर खुद लेकर खा लो। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। पति ने पत्नी को मार पीटकर घायल कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी हुई तो जांच पड़ताल की गई। आरोपी पति तन्मय को हिरासत में ले लिया गया है। मृतका के भाई अजय यादव की तहरीर पर आरोपी पति तन्मय के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं इस पूरे मामले में SP ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि रौनापार थाना क्षेत्र में महिला की मौत के प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है। प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट की बात सामने आई है। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के विरुद्ध दहेज हत्या का अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए हैं। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।