
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के तरवां थाना क्षेत्र की एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने, मारपीट करने और लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना-पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है तरवां थाना क्षेत्र के ग्राम पाण्डेय अतर्कुषा निवासी चम्मा देवी, पत्नी उमाशंकर राजभर, ने एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि 22 जून 2026 की सुबह करीब छह बजे वह अपने घर के सामने बकरी बांध रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोग पुरानी रंजिश को लेकर वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। वहीं पीड़िता का कहना है कि शोर सुनकर उनकी पुत्री उन्हें बचाने पहुंची तो आरोपितों ने उसके साथ भी लाठी-डंडे और बांस से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। महिला का आरोप है कि घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता चम्मा देवी ने अपने प्रार्थना-पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपितों के खिलाफ पहले से ही थाना तरवां में एक एफआईआर दर्ज है। इसके बावजूद वे लगातार गाली-गलौज, धमकी और उत्पीड़न कर रहे हैं, जिससे उनका परिवार भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
