रिपोर्ट____अरुण यादव 

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद तहसील क्षेत्र के तहबरपुर स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, तहबरपुर के संस्थापक समिति के पदाधिकारी स्वर्गीय विश्वनाथ राय के पुत्र एवं नई दिल्ली के सेवानिवृत्त स्वास्थ्य निदेशक डॉ. राज नारायण राय ने सोमवार को तहबरपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान विद्यालय के वर्तमान प्रबंधन तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. राय ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय विश्वनाथ राय ने शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा के उच्च आदर्शों को ध्यान में रखते हुए इस प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था की स्थापना की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में विद्यालय विभिन्न विवादों और कथित अनियमितताओं के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है, जो संस्थापक समिति की मूल भावना और क्षेत्र की गौरवशाली शैक्षिक परंपरा के विपरीत है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के संचालन में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमों के अनुपालन को लेकर लगातार प्रश्न उठ रहे हैं। यदि समय रहते इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया तो न केवल विद्यालय की प्रतिष्ठा प्रभावित होगी, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। वहीं डॉ. राज नारायण राय ने बताया कि उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों तथा उपजिलाधिकारी निजामाबाद को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। आगे उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय इंटर कॉलेज तहबरपुर क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण शैक्षिक संस्था है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाएगी, जिससे संस्था में पारदर्शिता और शैक्षिक वातावरण को मजबूती मिल सके।

प्रेस वार्ता के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। अब इस मामले में प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।