
रिपोर्ट: दीपक चौरसिया/अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अलऊवा गांव में आज सुबह एक युवक ने एक लड़की और उसकी मां पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में मां और बेटी बुरी तरह से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने युवक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अलऊवा गांव निवासी रामपत लुधियाना में परिवार के साथ रहते है। वहीं उनकी छोटी बेटी सरिता 21 भी रहकर पढ़ाई करती थी। पढ़ाई के दौरान ही सरिता का राजस्थान के गंगानगर निवासी राबिन से प्रेम हो गया। परिवार की सहमति से लगभग दो साल पूर्व दोनों की सगाई हो गई। सगाई के बाद किसी बात से नाराज होकर सरिता ने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद रामपत का पूरा परिवार अपने गांव अलऊवा आ गये। यह बात राबिन को नागवार गुजरी। पहले उसने लुधियाना में रहने वाली सरिता की बहन को पीटा। इसके बाद वह सीधे कप्तानगंज आ गया।
सरिता के मामा ने बताया कि वह तीन दिन से बाजार में घूम रहा था। इस बात की जानकारी सरिता को थी। लेकिन, अन्य कोई भी इस बात को नहीं जानता था। शनिवार की सुबह वह अचानक वह घर में घुसा और चाकू से सरिता पर हमला कर दिया। उसे बचाने आई उसकी मां को भी उसने चाकू मारकर घायल कर दिया। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सुबह दो महिलाओं को चाकू मारकर घायल करने की सूचना मिली। सीओ के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंची। जांच में यह बात सामने आई की दोनों एक दूसरे को पहले से जानते थे। मई 2024 में ही दोनों की सगाई भी हुई थी। लड़की आगे पढ़ना चाहती थी। अभी वह दो से तीन साल तक शादी नहीं करना चाहती थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच तकरार हुई और युवक ने चाकू से हमला कर दिया। इसमें लड़की और उसकी मां को चाकू से चोटें लगी हैं। लड़के को भी चोटें हैं। इसलिए तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जो भी तहरीर मिलेगी उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।