
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के नयापुरा कस्बे में मंगलवार शाम जमीनी विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। खून के रिश्ते उस समय तार-तार हो गए, जब कथित तौर पर सगे भाई ने ही 25 वर्षीय दिलशेर की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। दिलशेर महज 10 दिन पहले ही सऊदी अरब से अपने घर लौटा था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, शव उठने के बाद भीड़ को हटाने के लिए पुलिस द्वारा लाठियां भांजने की घटना भी चर्चा का विषय बनी रही। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे दिलशेर पुत्र स्वर्गीय इम्तियाज की अपने भाई राजू से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और राजू ने चाकू से दिलशेर की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिलशेर को परिजन तत्काल उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही जहानागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी थी और मंगलवार को यही विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। वारदात के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव हटाए जाने के बाद पुलिस ने बगीचे में मौजूद लोगों को हटाने के लिए लाठियां भांजी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
