रिपोर्ट____शिवा सिंह

आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के खराट गांव मोड़ स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से नगदी, जेवरात, मोबाइल फोन सहित अन्य कीमती सामान समेट ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। मिली जानकारी के अनुसार, मकान मालिक ऋषिकेश पाठक अपने परिवार के साथ 25 मई को किसी आवश्यक कार्य से दिल्ली गए हुए थे। इसी दौरान 30 मई की रात अज्ञात चोरों ने सूने पड़े मकान में प्रवेश कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। वहीं घटना का पता तब चला जब 31 मई को पड़ोसी राजकुमार ने घर का मुख्य दरवाजा खुला देखा। संदेह होने पर उन्होंने फोन के माध्यम से परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य रविवार सुबह घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर में सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। पीड़ित परिवार ने तत्काल बरदह पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। वहीं इस पूरे मामले में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। हल्का इंचार्ज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा संदिग्धों की तलाश के लिए टीम लगाई गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की सक्रियता के बीच क्षेत्रीय लोगों में भी घटना को लेकर चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।