
रिपोर्ट:अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के बाबू की खजूरी गांव में सोमवार की शाम विवाहिता का शव घर के भीतर साड़ी के सहारे फंदे से लटकता मिला। इसकी जानकारी होने पर सनसनी फैल गई। बेटी के रोने पर परिवार के लोगों को जानकारी हुई।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के बाबू की खजूरी गांव निवासी विनय कुमार सिंह परिवार सहित मुंबई में रहते हैं। परिवार के लोगों का छुट्टियों में आना-जाना रहता है। दो साल पूर्व उनकी बेटी बेटी सीता ने गांव के ही आलोक पांडेय से प्रेम विवाह किया था। पति आलोक पांडेय पीडब्ल्यूडी में ठेकेदारी करता है। सोमवार की सुबह वह किसी काम से शहर गया था। घर में सीता अपनी दो माह की बच्ची के साथ थी। दोपहर में बेटी के साथ सीता कमरे में सोने के लिए चली गई। कुछ देर बाद उसकी बेटी रोने लगी। इस पर परिवार के लोग सीता को बुलाने लगे। अंदर से दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद खिड़की से देखा तो सीता साड़ी के सहारे छत के चुल्ले से लटक रही थी। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान देर रात सीता की मौत हो गई।