
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र की सीमा से सटे कप्तानगंज थाना अंतर्गत कुसमहरा गांव के सिवान में मंगलवार सुबह कई गोवंशों के कटे हुए अवशेष मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने जब जगह-जगह खून, मांस और गोवंशों के अवशेष बिखरे देखे तो तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के साथ अहरौला थानाध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह और उपनिरीक्षक रमेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में घटनास्थल अहरौला और कप्तानगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर होने के कारण दोनों थानों की पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर घंटों असमंजस की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों की निशानदेही और राजस्व सीमा की जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि अवशेष कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कुसमहरा गांव के सिवान में पड़े मिले हैं, जबकि घटनास्थल से करीब 20 मीटर आगे अहरौला थाना क्षेत्र शुरू होता है। इसके बाद कप्तानगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची और थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने मामले की जांच अपने हाथ में ली। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि बदमाशों ने आधा दर्जन से अधिक गोवंशों की बेरहमी से हत्या कर उनका मांस तस्करी के लिए उठा लिया, जबकि कटे हुए अवशेष खेतों और आसपास के इलाके में फेंक दिए गए। घटना स्थल गहजी गांव के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह के चक के पास बताया जा रहा है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कुसमहरा निवासी रणजीत सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी दर्ज कराई गई है। वहीं मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य हरिकेश यादव ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि क्षेत्र में पहली बार इतनी बड़ी वारदात सामने आई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गोतस्करों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिर उसके बाद में कप्तानगंज पुलिस ने पशु चिकित्सकों की टीम बुलाकर अवशेषों का पोस्टमार्टम कराया और उन्हें जमीन में दफन कराया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। किसानों का कहना है कि सिवान में बड़ी संख्या में छुट्टा गोवंश रहते हैं और यदि प्रशासन ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए तो ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।
