
आगरा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा द्वारा अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पार्टी की जीत को अयोध्या की हार का प्रतिशोध बताने पर कहा कि, मिल्कीपुर की जीत से अयोध्या की हार का प्रतिशोध पूरा नहीं होगा। अयोध्या की जनता ने लोकसभा चुनाव में सपा को जिताया था। अयोध्या की हार भाजपा के लिए हमेशा हार ही रहेगी।
एत्मादपुर में निजी समारोह में भाग लेने आए अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में सपा की हार पर कहा कि सरकार को अधिकारियों और बीएलओ को लोकतंत्र का सबसे बड़ा सम्मान देना चाहिए। बीएलओ ने वोटर लिस्ट से समाजवादियों के नाम काटे और मतदाता पर्चियां नहीं पहुंचाईं। अधिकारियों ने मतदान करने से रोका।
अखिलेश बोले, यह लूट का चुनाव था
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, कि चुनाव में एक से अधिक वोट डालने वालों और बाहर से आकर वोट डालने वालों को समाजवादियों ने पकड़ा था। ऐसे लोगों को जांबाजी का प्रमाण-पत्र देना चाहिए। ऐसा चुनाव महाकुंभ की तरह 114 वर्ष में पहली बार हुआ है। चुनाव आयोग पता नहीं कहां है और क्या कर रहा है? यह लूट का चुनाव था। समाजवादियों ने भेदभाव देखा है।
दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी की हार पर कहा
दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार से आइएनडीआइए के कमजोर होने की बात को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूरी तरह नकारा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप नहीं, भाजपा जीती है। जनता के फैसले का वह स्वागत करते हैं। दिल्ली की हार से आइएनडीआइए और मजबूत होगा। इस हार से सीख लेते हुए आने वाले समय के लिए रास्ता बनाएंगे।
कुंभ की गाड़ियों को करें टोल फ्री
अखिलेश ने महाकुंभ में जा रहे यात्रियों की गाड़ियों को टोल फ्री किए जाने की मांग सरकार से की। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार अपने मनोरंजन के लिए फिल्मों को टैक्स फ्री कर सकती है, लेकिन महाकुंभ जा रहे यात्रियों के लिए टोल फ्री नहीं किया जा सकता है। महाकुंभ पर जब 10 हजार करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं तो टोल टैक्स माफ किया जाना चाहिए। महाकुंभ में हुई भगदड़ में लोगों की मृत्यु होने पर भी
सरकार जान गंवाने वालों का आंकड़ा जारी करे
अखिलेश यादव प्रदेश सरकार पर हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि सरकार के पास महाकुंभ में स्नान करने आने वाले 40 करोड़ लोगों का आंकड़ा है। हर स्नान के बाद वह लोगों के आंकड़े बता रही है। भगदड़ में जान गंवाने वाले और लापता हुए लोगों का आंकड़ा सरकार के पास नहीं है। सरकार मुआवजा देने से बचने को मृतकों के आंकड़े नहीं बता रही है। महाकुंभ में आने-जाने वाले कई लोगों की दुर्घटना में मृत्यु हुई है। सरकार को उन्हें भी मुआवजा देना चाहिए। अखिलेश यादव एत्मादपुर के पालकी रिजोर्ट में सपा नेता महाराज सिंह धनगर के बेटे की शादी में आए थे।