
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में पथरी के उपचार के दौरान 60 वर्षीय शारदा देवी की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने पीजीआई चक्रपानपुर में उपचार और दो बार ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
जगदीशपुर गांव निवासी शारदा देवी को पथरी की शिकायत थी। उनके पति लालजीत के मुताबिक, 28 मई को पीजीआई चक्रपानपुर में शारदा देवी का पहला ऑपरेशन कराया गया था। इसके बावजूद उनकी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। चिकित्सकों ने 3 जून को दोबारा ऑपरेशन किया। करीब दस दिन उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार, 12 जुलाई को अचानक शारदा देवी की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सिधारी स्थित एक अस्पताल में ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार और दवा के बाद उन्हें वापस घर ले आए।
रविवार शाम घर पर ही शारदा देवी की तबीयत एक बार फिर अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति लालजीत ने आरोप लगाया कि पीजीआई चक्रपानपुर में उपचार और ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई, जिसके चलते उनकी पत्नी की जान चली गई। उन्होंने पुलिस से पोस्टमार्टम कराकर मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट कराने और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस पूरे मामले में जहानागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
