रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला को अपने साथ ले जाकर उसके कान के आभूषण झपटने वाले शातिर अंतरजनपदीय अपराधी को देवगांव पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, मोटरसाइकिल, लूटे गए आभूषण और 850 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, लूटे गए आभूषण खरीदने के आरोप में एक सुनार को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को मेहनगर थाना क्षेत्र के जियासड़ गांव निवासी अमित प्रताप सिंह ने देवगांव थाने में तहरीर देकर बताया था कि कुछ अज्ञात लोग करीब तीन-चार दिन पहले लालगंज तहसील के सामने उनकी मां को बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर केराकत तहसील ले गए थे। वहां उनके कान के टप्स और सहारा झपट्टा मारकर छीन लिए गए। मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

नसीरपुर पुलिया के पास हुई मुठभेड़

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवगांव पुलिस रात में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी मोटरसाइकिल से पल्हना-लहुवां मार्ग की ओर आ रहा है और उसके पास अवैध असलहा है।

पुलिस ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान नसीरपुर की तरफ से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर नसीरपुर पुलिया के पास उसकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, रुकने की चेतावनी के बावजूद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।

घायल आरोपी को तत्काल 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल लालगंज भेजा गया। उसकी पहचान शमीम उर्फ सूरज उर्फ मुमताज उर्फ बब्लू यादव उर्फ समीर अंसारी, निवासी मंडुवाडीह, वाराणसी और हाल निवासी निधौरा, थाना बलुआ, चंदौली के रूप में हुई।

सुनार भी गिरफ्तार

पूछताछ और जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि छीने गए आभूषणों में से एक जोड़ी कान के टप्स सैदपुर, गाजीपुर निवासी सुनार दिनेश वर्मा को दिए गए थे। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पीली धातु की एक जोड़ी कान के टप्स बरामद हुई।

तमंचा, कारतूस और आभूषण बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी शमीम के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल संख्या PB10CK5791, पीली धातु का एक जोड़ी कान का सहारा और 850 रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं दिनेश वर्मा के कब्जे से पीली धातु की एक जोड़ी कान का टप्स बरामद हुआ।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर देवगांव थाने में धारा 109(1), 351(3) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़, वाराणसी और चंदौली में चोरी, धोखाधड़ी, विश्वासघात और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ सकलडीहा, चंदौली तथा वाराणसी कमिश्नरेट के कोतवाली काशी, कैंट, लंका और सारनाथ थानों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह सहित उपनिरीक्षक रवीन्द्र नाथ पाण्डेय, विनय कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।